बस्ती। लंबे समय से जिले में तैनात जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुपम यादव का चार्ज बृहस्पतिवार को पीओ डूडा सुनीता सिंह को दे दिया गया। उनके हटाए जाने का कारण स्प्ष्ट नहीं हो सका है। एडीएम कमलेश चंद्र ने बताया कि डीपीओ ने स्वास्थ्य कारणों से अवकाश के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। चर्चा यह भी है कि उनके खिलाफ शासन स्तर से एमएलसी प्रतिनिधि की शिकायत पर जांच चल रही थी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
कार्यालय में एसी मरम्मत, नई एसी खरीदने और जीएसटी न देने के अलावा कई अन्य आरोप लगाते हुए एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह ने तत्कालीन डीएम प्रियंका निरंजन से शिकायत की थी। इस शिकायत पर जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मुख्यमंत्री को भी शिकायत पत्र भेजा गया था। बताया जा रहा है कि इस शिकायत की उच्चस्तरीय जांच चल रही है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है। हालांकि इसकी पुष्टि अभी तक किसी अधिकारी ने नहीं की है। वहीं पीओ डूडा सुनीता सिंह ने बताया कि डीएम के निर्देश पर उन्होंने प्रोबेशन अधिकारी का चार्ज लिया है। कहा कि, इस बदलाव का कारण क्या है इसकी जानकारी नहीं है।