- दो क्विंटल पॉलिथीन जब्त, एक लाख 32 हजार का जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
हरैया। कस्बे में धड़ल्ले से प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग कर रहे दुकानदारों के विरुद्ध गठित राजस्व और नगर पंचायत की टीम ने मंगलवार को छापा मार कार्रवाई की। अवैध रूप से रखी करीब दो क्विंटल प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त करते हुए सात दुकानदारों पर एक लाख 32 हजार का जुर्माना किया। ईओ ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि फिर से प्रयोग करते पाए जाने पर नियमानुसार केस दर्ज कर कार्रवाई होगी।
नायब तहसीलदार शौकत अली अधिशासी अधिकारी संजय कुमार राव हल्का लेखपाल वीरेंद्र मौर्य और नगर पंचायत के आधा दर्जन कर्मियों के साथ गठित टीम ने कस्बे के सूरज किराना स्टोर, मनोज किराना, कन्हैया लाल, नेपाली जनरल स्टोर शुभम, किरण स्टोर सहित कुल सात व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। पांच व्यापारियों के यहां बड़ी मात्रा में रखी प्रतिबंधित पॉलिथीन मिली। इसके अलावा पिंटू और एक अन्य दुकानदार के पास भी थोड़ी मात्रा में अवैध रूप से पॉलिथीन रखी मिली। टीम ने करीब दो क्विंटल प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त करते हुए बड़ी मात्रा में पॉलिथीन जमा किए पांच दुकानदारों पर प्रत्येक पर 25 हजार रुपये जुर्माना लगाया।
इसके अलावा पिंटू और एक अन्य पर क्रमशः पांच और दो हजार जुर्माना किया। प्रशासन की इस कार्रवाई से कस्बे में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार शटर गिराकर निकल गए। ईओ ने बताया कि कार्रवाई आगे भी की जाएगी। दोबारा पकड़े जाने पर नियमानुसार केस दर्ज होगा।