मुठभेड़ में पकड़ा गया जिस्मफरोशी का अड्डा चलाने का आरोपी- पुलिस
बस्ती। जिस्मफरोसी का अड्डा चलाने वाले रैकेट के सरगना को पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार दोपहर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसे पकड़ने के प्रयास में मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी पर भगाकर लाई गई किशोरियों को जबरन जिस्मफरोशी के धंधे में धकेलने का भी आरोप है। शहर के पुरानी बस्ती व कोतवाली क्षेत्र से लापता किशोरियों को ढूंढ़ते हुए मुंडेरवा क्षेत्र के एक खंडहरनुमा मकान में पहुंची, जो अंदर से आलीशान होटल जैसा था। सीसीटीवी फुटेज में भी पुलिस काे वहां से कई आपत्तिजनक चीजें मिली हैं। पुलिस अब आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि इस धंधे में शामिल ग्राहकों की पहचान की जा सके।
एसपी अभिनंदन व सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। सीओ सिटी ने बताया कि आरोपी भानु प्रताप बालिकाओं का अपहरण करने वालो को संरक्षण व सुविधा मुहैया कराता था। उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस बरामद किया गया है। आरोपी भानु प्रताप पर एसपी स्तर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
सीओ सिटी के अनुसार, 27 सितंबर को थाना पुरानी बस्ती और कोतवाली पर दो बालिकाओं को फुसलाकर अपहरण करने की शिकायत दर्ज हुई थी। इसकी छानबीन में कोतवाल दिनेश चंद्र चौधरी, एसओ महेश सिंह व एसओजी प्रभारी की टीम मुंडेरवा थानाक्षेत्र के बसौता गांव के पास फोरलेन के किनारे अर्धनिर्मित दिखने वाले मकान में पहुंची। पुलिस की आहट पाते ही वहां मौजूद आरोपी भानु प्रताप फरार हो गया।
सीओ के अनुसार, मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि भानु कोतवाली के मूड़घाट के पास स्थित चांदमारी बट मार्ग के पास मौजूद है। सूचना पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी की तो उसने पुलिस टीम को देखते ही फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी भानु के पैर में गोली लगी। मौके से टीम ने 315 बोर का तमंचा, कारतूस व मोबाइल बरामद किया।