बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के खोरिया गांव में पुरानी कहासुनी को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव निवासी एक पक्ष की सीता देवी ने बताया कि 26 अगस्त को गांव के प्रमोद और उनके बेटे अर्जुन के बीच कहासुनी हुई थी। उसी रंजिश में शाम करीब 4:30 बजे आरोपी उनके घर पहुंचे। गाली व धमकी देने के बाद दरवाजा तोड़कर घर में घुसकर बेटे की पिटाई करने लगे। पुलिस ने खोरिया निवासी विनोद, प्रमोद, भुआलचंद्र, दिनेश, अनुज, आशु, राज और अंकुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
वहीं, दूसरे पक्ष के भुआलचंद्र का आरोप है कि दुकान पर वजन तौलने को लेकर अर्जुन और उसके नाती आयुष के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर पिटाई की। पिटाई से उनकी पत्नी अमरावती, बेटे विनोद, नाती अनुज और पड़ोसी दिव्यांश को चोट आने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी अर्जुन, सीता देवी, ज्योति, लाली देवी, मनोज और मोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।