दुबौलिया क्षेत्र की घटना, पांच ससुरालियों पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। दुबौलिया थाना क्षेत्र के मलिक पूर्वा में विवाहिता के ऊपर डीजल उड़ेलकर जलाने का मामला सामने आया है। 31 मार्च को विवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों का आरोप है कि दो लाख रुपये के लिए प्रताड़ित किया गया। रुपये न मिलने पर उसके ऊपर डीजल उड़ेलकर जलाया गया। पुलिस ने पांच ससुरालियों पर केस दर्ज किया है।
विवाहिता की मां सर्मिला पत्नी धन्जू निवासी कनकपुर, शिवदयालगंज थाना नबाबगंज जिला गोंडा ने दुबौलिया पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि पुत्री पूजा की शादी बेदीलाल निवासी मलिकपुर के साथ 13 मई 2021 को हुई थी। शादी के बाद से बेटी के पति बेदीलाल, जेठ छेदीलाल व देवर सालिकराम तथा जेठानी व देवरानी दहेज में दो लाख रुपये व गाड़ी की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। बेटी के पति बेदीलाल व जेठ छेदीलाल इस समय दुबई में रहते हैं।
वहीं से दोनों लोग फोन पर दो लाख रुपये व गाड़ी की मांग करते हुए धमकी देते थे। दोनों के उकसाने पर बेटी पूजा के देवर सालिकराम, जेठानी अनूपा देवी व देवरानी नीलम ने 31 मार्च को बेटी के ऊपर डीजल डालकर जला दिया। सुबह 10 बजे सूचना पर पहुंची तो जिला अस्पताल अयोध्या में बेटी तड्फ रही थी। स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया। डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल हाॅस्पिटल लखनऊ में उसी दिन मौत हो गई। थानाध्यक्ष चन्द्र कांत पांडेय ने बताया की तहरीर पर पांच लोगों पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।