फर्जी दस्तावेज से शिक्षक बना आरोपित गिरफ्तार
छावनी। फर्जी नाम से सरकारी प्राइमरी स्कूल में नौकरी करने वाले शिक्षक को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। थानाध्यक्ष छावनी आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि फर्जी शिक्षक को संतकबीरनगर जिले से गिरफ्तार किया गया है।
छावनी पुलिस ने संतकबीरनगर जिले के महुली थाना अंतर्गत ग्राम बारीडीहा से फर्जी शिक्षक फुलैना सिंह को घर से गिरफ्तार किया। आरोपित अपना नाम और पता बदलकर उमेश राय निवासी ग्राम मधेपुरा थाना घनघटा जनपद संतकबीरनगर कर लिया था।
उसी नाम से कूटरचित दस्तावेज के सहारे 30 नवंबर 1994 को परशुरामपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय खेमराजपुर में तैनात हुआ था। छावनी थाने पर सात मार्च 2021 को आरोपित पर कूटरचित फर्जी दस्तावेज के सहारे नौकरी करने का मामला दर्ज हुआ था। विवेचना के दौरान कुछ और धाराएं बढ़ा दी गई थीं।