विक्रमजोत, (बस्ती)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोंडा के नवाबगंज थाना अंतर्गत लोलपुर गांव के पास कार के साइड मारने से छावनी क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी मोटरसाइकिल सवार युवक घायल हो गया। इस हादसे में बाइक पर बैठी गर्भवती महिला की मौत हो गई। उसकी कोख में पल रहे आठ माह के बच्चे की भी मौत हो गई।
रविवार को दिन में ढाई बजे शंकरपुर गांव निवासी चांद बाबू (25) अपनी गर्भवती पत्नी महजबीन (23) को लेकर फैजाबाद अस्पताल में चिकित्सक को दिखाकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। गोंडा के लोलपुर गांव के फ्लाईओवर पर पीछे से आ रही एक कार ने साइड मार दी, जिससे बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। दुर्घटना में आठ माह की गर्भवती महजबीन की हालत बिगड़ने लगी। आसपास के लोगों ने तत्काल एनएचएआई एंबुलेंस से दोनों को अयोध्या के श्रीराम अस्पताल पहुंचाया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जहां चिकित्सकों ने महजबीन की हालत बिगड़ती देख महाराजा दशरथ मेडिकल कॉलेज दर्शननगर अयोध्या रेफर कर दिया। शाम चार बजे महजबीन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
वहीं दुर्घटना में काफी खून बह जाने के कारण चिकित्सक काफी प्रयास के बाद भी कोख में पल रहे आठ माह के बच्चे को भी नहीं बचा सके। देर शाम मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने महिला के शव का पंचनामा भरकर परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया। शव घर पहुंचते ही गांव में मातम पसर गया।