नगर बाजार (बस्ती)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगर थानाक्षेत्र के फुटहिया कर्मादेवी विद्यालय के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने कार में टक्कर मार दी। इस हादसे में कार में बैठे पांच लोग घायल हो गए। वहीं कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस कर्मियों ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सभी घायल गोरखपुर व देवरिया के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार फैजाबाद की तरफ से गोरखपुर की तरफ जा रही कार में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार शंभू नाथ श्रीवास्तव पुत्र भगवती लाल निवासी चरगांव सेमरा गोरखपुर, नारायण गुप्ता पुत्र राम अवध निवासी गौरी बाजार थाना गौरी बाजार जनपद देवरिया, संतोष कुमार त्रिपाठी पुत्र दिगंबर नाथ त्रिपाठी निवासी बबुआ थाना बेलीपार जनपद गोरखपुर, रजनीश पांडे व अमित पटेल निवासी अज्ञात घायल हो गए। जिन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है। फुटहिया चौकी प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। कार व कंटेनर को क्रेन की मदद से सड़क से हटा दिया गया है।