बस्ती। कलवारी थानाक्षेत्र के गायघाट से खलीलाबाद बरदहिया खरीदारी करने गए फल व्यापारी की कार में शनिवार रात चुरेब के पास ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार तीन में से गायघाट के एक फल व्यापारी की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
कलवारी थाने के गायघाट निवासी फल व्यापारी इबरार (31) पुत्र मोहम्मद, लालगंज थानाक्षेत्र के अजय कुमार व सत्येंद्र कुमार के साथ शनिवार को कार से संतकबीरनगर के खलीलाबाद बरदहिया बाजार में खरीदारी करने गए थे। शनिवार रात खरीददारी करके वापस जाते समय कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के चुरेब के पास उनकी कार में अज्ञात ट्रक ने साइड मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे बने नाले में जा गिरी।
हादसे बाद चुरेब कस्बे के लोग मौके पर पहुंचे और मदद में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद कार में सवार तीनों लोगों को बाहर निकाला गया, जिसमें इबरार की मौके पर ही मौत हो गई। अजय कुमार (27) व सतेंद्र कुमार (23) निवासी कुदरहा थाना लालगंज जनपद बस्ती घायल हो गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल खलीलाबाद भेज दिया गया।