वृक्षमित्र अभियान : विद्यार्थियों से पौधे लगाने की अपील
बस्ती। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से चलाए जा रहे वृक्षमित्र अभियान के तहत शुक्रवार को श्रीमती शांति देवी इंटर कॉलेज परिसर में पौधरोपण व गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं से वृक्ष मित्र बनने व 15 पौधे लगाने की अपील की गई।
गोष्ठी में मुख्य वक्ता परिषद के विभाग के संगठन मंत्री शिवानंद पांडेय ने बताया कि वर्तमान समय में ग्लोबल वार्मिंग की समस्या से पूरी दुनिया पीड़ित है। इससे बचाव के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे। पर्यावरण दूषित हो चुका है। इससे साफ करने के लिए सभी को अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने होंगे। विद्यार्थी परिषद पौधे लगाने के लिए देशव्यापी अभियान चला रहा है।
परिषद ने देशभर में करीब एक करोड़ पौधा लगाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से वृक्ष मित्र बनकर उनके संरक्षण का आग्रह किया। शिवानंद ने बताया कि परिषद जिले भर में करीब दस हजार पौधा लगाएगी। स्टूडेंट फॉर डेवलेपमेंट विंग के जिला संयोजक बृजभूषण ने बताया कि पौधरोपण स्वच्छ हवा व ऑक्सीजन के लिए जरूरी है। गोष्ठी को शिक्षक नीरज मिश्रा व रजनी सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला संयोजक अखिलेश ने किया। मौके पर आनंद, शुभम, अंशिका, अभिषेक, मीनाक्षी, साक्षी, दीक्षा, पवन पाठक, सरिता आदि मौजूद रहे।