बस्ती। शहर से लेकर गांव तक मिठाई की दुकानों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन ग्राहकों को बेची जा रही मिठाइयों की गुणवत्ता और उनकी उपयोग अवधि की जानकारी देने की व्यवस्था नदारद है। शासन के निर्देश के बावजूद अधिकांश दुकानों पर मिठाइयों के साथ निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि (एक्सपायरी डेट) की स्लिप नहीं लगाई जा रही है। ऐसे में ग्राहक बिना जानकारी के मिठाई खरीदने को मजबूर हैं। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग की नियमित निगरानी भी प्रभावी नजर नहीं आ रही है।
ग्राहक राकेश और आशीष का कहना है कि शहर की छोटी-बड़ी मिठाई की दुकानों पर स्लिप लगाने की व्यवस्था नहीं है। इससे यह पता नहीं चल पाता कि मिठाई कब तैयार की गई है और कितने समय तक खाने योग्य है। कई बार घर लाने के अगले ही दिन मिठाई पर फफूंद लगने लगती है। ऐसे में उसकी गुणवत्ता और सुरक्षित सेवन को लेकर चिंता बनी रहती है। उनका कहना है कि त्योहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की सक्रियता तो दिखाई देती है, लेकिन नियमित जांच भी जरूरी है।
फफूंद लगी मिठाई से हो सकती है फूड प्वाइजनिंग
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. एसडी ओझा के अनुसार, फफूंद या सड़न लगी मिठाई खाने से फूड प्वाइजनिंग, पेट खराब होने और बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसी मिठाइयों का सेवन नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मिठाई के काउंटर पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि की स्लिप लगने से ग्राहकों को सही जानकारी मिलेगी और दुकानदारों की जवाबदेही भी तय होगी।
सात से 15 दिन तक सुरक्षित रह सकता है मिल्क केक
मिठाई कारीगर दिलीप के अनुसार, मिल्क केक को उचित तापमान और सूखी जगह पर रखने पर सात से 15 दिन तक सुरक्षित रखा जा सकता है। हालांकि, पैकेट या डिब्बा खोलने के बाद इसे दो दिन के भीतर इस्तेमाल करना बेहतर है। मिठाई की सुरक्षित अवधि उसके रखरखाव और भंडारण की स्थिति पर भी निर्भर करती है।
शासन के निर्देश के तहत मिठाइयों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि अंकित करना जरूरी है। सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को दुकानों का निरीक्षण कर इस व्यवस्था की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन दुकानों पर स्लिप नहीं मिलेगी, उनके संचालकों को व्यवस्था दुरुस्त करने की हिदायत दी जाएगी। निर्देशों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
चितरंजन कुमार सिंह, जिला अभिहित अधिकारी, बस्ती।