केडीसी मे छात्र संघ के चुनाव मे अध्यक्ष पर अभिषेक श्रीवास्तव निर्वाचित हुए।
शिवहर्ष किसान पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ समर्थ ने जीत हासिल की। महामंत्री पद पर ऋषभ त्रिपाठी उर्फ ऋषू, उपाध्यक्ष पद पर अखिलेश कुमार यादव, पुस्तकालय मंत्री पद पर समीर खान, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर नवप्रभात पांडेय और कला संकाय प्रतिनिधि पद पर मनीष कुमार चौधरी ने जीत दर्ज की।
शनिवार को शिवहर्ष किसान पीजी कॉलेज में छह पदों पर मतदान कराया गया। कुल 849 मतदाताओं में से 596 ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह साढ़े नौ बजे से दिन में डेढ़ बजे तक महाविद्यालय के पांच कक्षों में बने मतदान बूथों पर वोटिंग हुई। मतदान के बाद दोपहर दो बजे से मतगणना शुरू हुई। पहला परिणाम कला संकाय प्रतिनिधि का आया। सीधे मुकाबले में मनीष कुमार चौधरी ने 104 मत प्राप्त कर बृजेश कुमार चौधरी को 34 मतों से पराजित किया। विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर नवप्रभात पांडेय ने संदीप कुुमार भट्ट को 183 मतों के अंतर से पराजित किया। पुस्तकालय मंत्री पद पर समीर खान ने सीधे मुकाबले में आशीष कुमार शुक्ल को 64 मतों से पराजित किया। उपाध्यक्ष पद पर अखिलेश कुमार यादव और मोहम्मद सलाम खान उर्फ सलमान के बीच सीधा मुकाबला था। अखिलेश कुमार यादव ने सलमान को 169 मतों से पराजित किया। महामंत्री पद पर त्रिकोणीय मुकाबला था। ऋषभ त्रिपाठी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी शिवम श्रीवास्तव को 156 मतों के अंतर से हराया। तीसरे स्थान पर शौर्य प्रताप सिंह रहे जिन्हें महज 101 मतों से ही संतोष करना पड़ा।
अंत में अध्यक्ष पद के लिए मतगणना शुरू हुई। एक तरफा मुकाबले में अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ समर्थ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अंकित मिश्र को 316 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। अभिषेक को 410, अंकित मिश्र को 94 वोट मिले। अध्यक्ष पद के अन्य प्रत्याशियों में अभिषेक पटेल को 35, कुसुम शुक्ला को 24, प्रदीप कुमार यादव उर्फ मुलायम को 21 और उमाकांत चौधरी को महज दो मतों से ही संतोष करना पड़ा।
परिणाम की घोषणा होते ही विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने शहर में जुलूस निकाल जमकर अबीर गुलाल उड़ाए और नारेबाजी की। मतगणना के दौरान महाविद्यालय परिसर में प्राचार्य डा. आरएस त्रिपाठी, एसोसिएट प्रोफेसर डा. जेपी शुक्ल, एसडीएम सदर राजनारायन त्रिपाठी, सीओ सिटी एसएन सिंह आदि मौजूद रहे।