112 लोगों की निकली लॉटरी, मिलेगा आवास
प्रशिक्षु एसडीएम की निगरानी में आवास के लिए हुई चयन प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। तहसील सभागार में आसरा योजना के तहत लॉटरी प्रक्रिया का आयोजन किया गया, जिसमें 112 लोगों की लाटरी निकली और अब उन्हें आवास की सुविधा मिलेगी।
बृहस्पतिवार को तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षु एसडीएम अनुपम मिश्रा व रमेश कुमार गुप्ता की निगरानी में लाटरी निकाल कर आवास के लिए लोगों को चयन किया गया। हर्रैया में 29 व बभनान में 83 पात्रों की लाटरी निकली। बभनान के इओ ने बताया कि 235 आवेदकों ने आवास के लिए फॉर्म जमा किए थे। जांच पड़ताल के बाद 83 पात्र पाए गए। बचे हुए आवासों के लिए भी आवेदन मांगे जाएंगे। हर्रैया नगर पंचायत में 38 बचे हुए आवासों में से 29 के लिए ही लाटरी में चयन प्रकिया पूरी हो सकी। पात्र नहीं मिलने से नौ फ्लैट अभी भी खाली रह गए। लॉटरी प्रक्रिया में बभनान के चैयरमैन सईद अहमद, सभासद सिकंदर, पारस यादव, विल्सन, शिवम जायसवाल सहित अन्य मौजूद रहे।
हर्रैया के सभासदों ने जताई नाराजगी
आसरा आवास योजना में पात्रों के चयन के लिए लॉटरी प्रक्रिया में नगर पंचायत हर्रैया के सभासदों को नहीं आमंत्रित किया गया था जिसे लेकर सभासदों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे अधिकारों का हनन बताया है। एसडीएम अनुपम मिश्र ने बताया कि आज केवल चयन प्रक्रिया ही थी। आवंटन प्रमाण पत्र वितरित करते समय जनप्रतिनिधियों व विशिष्ट लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।