ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन करते आप के कार्यकर्ता। स्रोत पार्टी
बस्ती। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष डाॅ. राम सुभाष वर्मा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर मोदी-ट्रंप ट्रेड डील को तत्काल निरस्त करने और किसानों, आम नागरिकों के हितों की रक्षा की मांग को लेकर डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन देने के बाद जिलाध्यक्ष डाॅ. राम सुभाष वर्मा ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश के किसानों के हितों को अमेरिका के सामने गिरवी रख दिया है। इस समझौते के तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैक्स लगाएगा, जबकि भारत अमेरिकी उत्पादों पर जीरो प्रतिशत टैक्स वसूलेगा। सबसे गंभीर बात यह है कि भारत का कृषि बाजार अमेरिकी किसानों के लिए खोल दिया गया है, जिन्हें वहां लगभग 80 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिलती है।
ऐसे में भारतीय किसान ऐसी किसी सब्सिडी के अभाव में उनसे कैसे प्रतिस्पर्धा करेगा। सरकार को यह स्पष्टीकरण देना ही होगा कि देश के किसान हितों का क्या होगा। प्रांतीय सचिव और बौद्ध प्रांत के सह प्रभारी पतिराम आजाद ने कहा कि किसानों, एमएसएमई, छोटे व्यापारियों, युवाओं और मध्यम वर्ग पर इस ट्रेड डील का क्या प्रभाव पड़ेगा इस पर कोई विस्तृत श्वेत पत्र या संसदीय चर्चा अब तक सामने नहीं आई है। यदि यह डील भारतीय बाजार को असंतुलित तरीके से विदेशी हितों के लिए खोलती है, तो इसका सीधा दुष्प्रभाव कृषि, रोजगार और स्थानीय उद्योगों पर पड़ेगा।
राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से जिला महासचिव चन्द्रभान कन्नौजिया, महिला जिलाध्यक्ष मिथलेश भारती, राम सजन सूर्यबंशी, राधिका देवी, अब्दुल कयूम, रोजन, बब्लू, पंकज के साथ ही आम आदमी पार्टी के अनेक पदाधिकारी शामिल रहे।