महंगाई व जीएसटी के विरोध में आप का प्रदर्शन
बस्ती। बढ़ती महंगाई एवं खाद्य पदार्थों पर जीएसटी लगाए जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी के नेतृत्व पर पार्टी पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष पतिराम आजाद की अगुवाई में आप के पदाधिकारियों ने शास्त्री चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। वहीं, कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
आप कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन के दौरान महंगाई के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार प्रियंका त्रिपाठी को दिया। केंद्र व प्रदेश सरकार के विरोध में नारेबाजी की। धरने को बौद्ध प्रांत के अध्यक्ष इंजीनियर इमरान लतीफ एवं महासचिव संजय चौधरी ने कहा कि जनता पहले ही महंगाई से त्रस्त थी। उस पर भी खाद्य वस्तुओं पर जीएसटी लगाकर सरकार ने जनविरोधी होने का सबूत दे दिया। आप नेता लतीफ ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनविरोधी नीतियों और फैसलों पर चुप नहीं बैठेगी। इसका पुरजोर विरोध जारी रहेगा।
इस मौके पर जिला महासचिव डीसी सचिव, चन्द्रभान मनौजिया, चंदन तिवारी, आनंद राजपाल, अशोक श्रीवास्तव, लक्ष्मी यादव, डीएन शास्त्री, अजय कुमार, डॉ. रामसुभाष वर्मा, रविंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।