कुदरहा। प्रदेश सरकार ने ग्रामीण नागरिकों को आधार से जुड़ी सेवाएं उनके निवास स्थान के पास ही उपलब्ध कराने के लिए पंचायती राज विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार राज्य के प्रत्येक ग्राम सचिवालय स्तर पर आधार केंद्र स्थापित किए जाएंगे। जहां आधार नामांकन और आधार अपडेट की सेवाएं उपलब्ध होंगी।
यह निर्णय ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा-सुलभता बढ़ाने, समय और खर्च की बचत करने तथा ई-गवर्नेंस को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है। आधार केंद्रों पर आने वाले नागरिकों के पहचान, पता, जन्मतिथि और इस संबंध से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन कर उनका डाटा सुरक्षित ऑनलाइन के माध्यम से केंद्रीय पहचान डाटा भंडार को भेजा जाएगा।
सत्यापन के बाद आवेदक को रसीद दी जाएगी और अधिकतम 90 दिन के भीतर आधार संख्या जारी की जाएगी। आधार जारी होने की सूचना एसएमएस के माध्यम से मिलेगी और नागरिक यूआईडीएआई पोर्टल से आधार डाउनलोड कर सकेंगे।
आदेश में जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा भी किया गया है। जिला और मंडल स्तर पर संबंधित अधिकारी आधार केंद्रों की निगरानी करेंगे, जबकि ग्राम पंचायत सचिव संचालन, रिकॉर्ड संधारण और जागरूकता की जिम्मेदारी निभाएंगे। आधार ऑपरेटर और सुपरवाइजर का यूआईडीएआई से प्रमाणित और पंजीकृत होना अनिवार्य होगा।