संवाद न्यूज एजेंसी
गायघाट (बस्ती)। कलवारी थाना क्षेत्र के थन्हवां मुड़ियारी निवासी 38 वर्षीय युवक का दिल्ली में टिन शेड के पाइप से फंदे से लटका शव मिला।
परिवार के लोगों ने रस्सी काट निजी वाहन से सफदरगंज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की खुदकुशी की वजह के बारे में फिलहाल किसी को कुछ नहीं मालूम है।
जानकारी के अनुसार, थन्हवां मुड़ियारी के बुधई उर्फ अजीम अली पुत्र हौसिला दिल्ली के विकासपुरी में एक झुग्गी में परिवार के साथ रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करता था। परिजनों ने बताया कि सोमवार की रात करीब दो बजे बुधई टिन शेड के दूसरे कमरे में पाइप से रस्सी के सहारे लटका पाया गया।
खटपट की आवाज सुनकर बड़े बेटे सलमान की नींद खुल गई और उसने कमरे में जाकर देखा तो पिता फंदे पर लटक रहे थे। बुधई तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
बड़े भाई गांव में और मंझले भाई दिल्ली में ही परिवार के साथ रहते हैं। बुधई की मौत की सूचना जैसे ही गांव पहुंची तो कोहराम मच गया। गांव में माैजूद परिजन दिल्ली रवाना हो गए हैं। जबकि मुकामी पुलिस का कहना है कि दिल्ली में युवक के खुदकुशी की जानकारी नहीं है। यदि शव यहां लाया जाता है तो मामले की छानबीन की जाएगी।