कलवारी। कलवारी थाना क्षेत्र के माझा खुर्द घाट पर सरयू नदी में मंगलवार को एक युवक की डूबने से मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। इसी बीच वह गहरे पानी में चला गया। मौके पर मौजूद नाविकों ने युवक को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया, वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कलवारी थाना क्षेत्र के चढौवा निवासी अभिषेकराम (21) परिवार सहित दिल्ली में रहते हैं। पांच दिन पहले वह बुआ के घर किसी आयोजन में हिस्सा लेने आए थे। कार्यक्रम निपटने के बाद सोमवार को वह अपने घर चढौवा आ गए। मंगलवार को सुबह 10 बजे दोस्तों के साथ स्नान करने के लिए सरयू नदी के माझा खुर्द घाट पर गए।
नदी में नहाते समय वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोस्तों के शोर मचाने पर खेत की रखवाली कर रहे लोग तुरंत नाव लेकर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद अभिषेक काे नदी में बाहर निकाला गया।
एंबुलेंस के सहारे कलवारी में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर लाया गया जहां चिकित्सक ने उनको मृत घोषित कर दिया। अभिषेक के मृत्यु की सूचना गांव में पहुंची तो कोहराम मच गया। इसकी सूचना दिल्ली में रह रहे उनके पिता पंचराम, मां तथा एक छोटा भाई और चार छोटी बहनों को दे दी गई।
थानेदार संतोष कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।