नगर बाजार (बस्ती)। सावन के सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच बाबा जागेश्वर मंदिर, तिलकपुर में एक महिला श्रद्धालु की सोने की चेन चोरी हो गई। यह घटना जलाभिषेक के दौरान उस समय घटी जब हजारों की संख्या में भक्त मंदिर परिसर में मौजूद थे। गोटवा (मरहा) थाना नगर निवासी शंकर जायसवाल अपनी पत्नी बबीता के साथ सोमवार सुबह मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि जलाभिषेक के बाद जब वह घर लौटे, तो उनकी पत्नी के गले में लगभग 12 ग्राम सोने की चेन गायब थी। पुलिस से शिकायत करते हुए चेन बरामद करने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन से मांग की गई है कि मंदिर परिसर में निगरानी बढ़ाई जाए और सीसीटीवी कैमरे आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संवाद
दो महंतों की लड़ाई में हनुमान मंदिर पर लटका ताला
कप्तानगंज(बस्ती)। दो महंतों की लड़ाई में नगर थाना क्षेत्र के कठार जंगल हनुमान मंदिर पर ताला लटक रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी चुप्पी साधे हुए है। जबकि ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों के मुताबिक सोमवार सुबह नौ बजे किसी एक गुट के लोगों ने मंदिर पर ताला लगा दिया। जब इसकी भनक ग्रामीणों को लगी तो घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मामले की छानबीन करके वापस चली गई। ग्रामीणों ने मंदिर पर ताला लगने की बात एसएचओ को बताई। मंदिर पर ताला लगने से गांव के श्रद्धालु पूजा पाठ से वंचित रह गए। एसएचओ नगर चंदन कुमार ने बताया कि मंदिर पर ताला लगने का मामला संज्ञान में है। विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश महामंत्री दिग्विजय सिंह राना ने बताया कि योगी सरकार में मंदिर पर ताला लगना दुर्भाग्यपूर्ण है। जो भी ताला जड़ा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई किया जाय और मंदिर पर लगे ताला को खोलवाया जाए। संवाद
रेलवे लाइन किनारे मिला युवक का शव
गौर। गौर-बभनान रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे क्रॉसिंग सुमही के पास सोमवार को शाम को रेलवे ट्रैक किनारे 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पाया गया है। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक गौर परमाशंकर यादव ने बताया कि शाम को रेल कर्मचारी कांटा वाला रजनीश कुमार ने थाने में मेमो दिया। बताया कि गौर रेलवे स्टेशन से चार किलोमीटर पश्चिम सुमही रेलवे क्रॉसिंग के पास अप रेलवे लाइन के किनारे युवक का शव पड़ा है। तलाशी में उसकी पहचान से संबंधित कोई कागजात नहीं मिला। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या किसी ट्रेन से गिरकर मौत होने का प्रतीत लग रहा है। शव देखने से लग रहा है कि दो दिन पहले का है। पंचायत नामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद
जहरीले जंतु के काटने से किशोरी की मौत
बनकटी। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के कोरऊ निवासी अर्जुन गौतम की 16 वर्षीय बेटी कुसुम को सोमवार सुबह भूसा निकालते समय पैर में जहरीले जंतु ने डस लिया। तत्काल उसने अपनी मां को इसकी जानकारी दी और अचेत हो गई। परिजन तुरंत सीएचसी बनकटी ले गए, जहां चिकित्सक ने रेफर कर दिया। संतकबीरनगर अस्पताल ले जाने पर डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। संवाद