नगर बाजार (बस्ती)। गोरखपुर अयोध्या हाईवे पर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रिठिया गांव के पास सोमवार सुबह छह बजे पति के साथ बाइक पर पीछे बैठकर जा रही महिला असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। मौके पर ही बसंती देवी की मौत हो गई।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भूपालपुर गांव के छोटी कच्चीपुर के राधेश्याम पीडब्ल्यूडी में बेलदार हैं। रविवार को पत्नी 45 वर्षीय बसंती देवी को लेकर बाइक से रिश्तेदारी में गए थे। सोमवार को घर पर बंधी भैंस का दूध निकालने के लिए सुबह साढ़े पांच बजे ही वहां से दोनों बाइक से निकले। रिठिया के पास यह हादसा हो गया। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजनों व रिश्तेदारों के रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसर गया है। बसंती देवी की चार संतानों में दो बेटे सूरज व लड्डू और दो बेटियां कुमकुम व निशा हैं। शाम को उसका दाह संस्कार दुबौलिया थाना क्षेत्र के भिउरा गांव के पास सरयू नदी के घाट पर कर दिया गया।