बस्ती। रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधकर लौट रही बहन की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। यह दुर्घटना मुंडेरवा थानाक्षेत्र के ओड़वारा रेलवे स्टेशन के गेट के पास डाउन ट्रैक के पास रविवार दोपहर करीब दो बजे हुई।
सूचना पर पहुंची जीआरपी ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रभारी जीआरपी पंकज यादव के अनुसार महिला के अमृत भारत ट्रेन की चपेट में आने की आशंका है।
बताया जा रहा है कि मुंडेरवा थानाक्षेत्र के पकड़ी चंदा निवासी सुनीता (29) पत्नी राकेश शर्मा शनिवार को रक्षाबंधन पर्व पर अपने मायके वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के ननकूपुर राखी बांधने गई थी।
यहां से रविवार को लौटीं और रेलवे स्टेशन ओड़वारा पहुंच गई। ओड़वारा रेलवे स्टेशन के पास दोपहर करीब दो बजे ट्रेन से कट कर उसकी मौत हो गई।
सुनीता के पति राकेश शर्मा करीब डेढ़ माह पहले कामकाज के चक्कर में राजस्थान गए थे। उनको हादसे के बारे में जानकारी दे दी गई है।