प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर आक्रोशित परिजन को समझाती पुलिस संवाद
हर्रैया। छावनी थाना क्षेत्र के बबुरहवा गांव में गोली लगने से कारोबारी रामबहाल यादव की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली के आरपार होने की पुष्टि हुई है। गोली दाहिनी ओर कान के पास लगी और बाईं ओर से निकल गई।
वहीं, मृतक के भाई मनबहाल ने उसकी पत्नी के साथ रहने वाली इंद्रावती, उसके पहले पति के बेटे समेत कुछ अज्ञात पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। घटना बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे की है। बबुरहवा गांव में हाईवे से सोनबरसा जाने वाली सड़क के किनारे बने एक कमरे में रामबहाल यादव रहते थे। शाम को गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और उनकी भाभी मौके पर पहुंचे।
वहां रामबहाल खून से लथपथ पड़े मिले। परिजन उन्हें हर्रैया सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना को प्रथमदृष्टया आत्महत्या माना था। हालांकि, मौके से कोई असलहा बरामद नहीं होने के कारण घटना को लेकर शुरू से ही सवाल उठ रहे थे।
शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट के मुताबिक, गोली दाहिनी ओर कान के पास लगी थी। यहां करीब दो सेंटीमीटर का घाव मिला, जबकि बाईं ओर करीब डेढ़ सेंटीमीटर का घाव था। गोली बाईं तरफ से बाहर निकल गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस अब गोली की दिशा और घटना की परिस्थितियों को भी जांच में शामिल कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किस हथियार से चली और असलहा घटनास्थल से कैसे गायब हुआ।
इसके अलावा मृतक के संबंधों और कारोबार से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मृतक के भाई मनबहाल ने शुक्रवार को पुलिस को दी तहरीर में हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने रामबहाल के साथ रह रही इंद्रावती, उसके पहले पति के बेटे सर्वेश और कुछ अज्ञात लोगों पर हत्या में शामिल होने की आशंका जताई है। प्रभारी निरीक्षक राणा डीपी सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले में अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।