बस्ती। रुधौली विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक राजेंद्र चौधरी के खीरीघाट स्थित कैंप कार्यालय में बृहस्पतिवार दोपहर आग लग गई। ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से निकली चिंगारी के कारण छप्परपोश कार्यालय में आग भड़क उठी। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन कार्यालय में रखा फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र के खीरीघाट में किराए के टिनशेड वाले मकान में विधायक का कैंप कार्यालय है। यह कार्यालय सदर विधानसभा क्षेत्र में जनता से मुलाकात और कार्यकर्ताओं से संवाद का केंद्र है। गुरुवार को विधायक कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में शामिल थे।
इसी दौरान कार्यालय में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख अंदर मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
विधायक राजेंद्र चौधरी ने बताया कि खीरीघाट में छोटा सा कार्यालय बनाया गया है, जहां कुछ कार्यकर्ता रहते हैं। हाईटेंशन तार में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। वहां रखा सामान नष्ट हो गया।