कप्तानगंज। बिजली निगम की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई। ढीले तारों के आपस में टकरा जाने के कारण निकली चिंगारी से भूसा बनाने के लिए रखे गए लगभग 10 बीघे गेहूं के डंठल जलकर राख हो गए और बाग के पेड़ झुलस गए। एक नीलगाय का बच्चा भी झुलस गया।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को दिन में लगभग एक बजे कप्तानगंज थाना क्षेत्र के नरायनपुर पांडेय गांव के सिवान में ऊपर से गुजर रहे बिजली के ढीले तार हवा चलने से आपस में टकरा गए। जिससे निकली चिंगारी से हरिशंकर, गयासुद्दीन, हनुमान आदि का भूसा बनवाने के लिए बचाया गया गेहूं का 10 बीघा का डंठल जलकर राख हो गया। देखते ही देखते आग ने गौतम पाठक, सत्यदेव तिवारी, विजय नाथ तिवारी, भोला तिवारी के बाग में आम, महुआ और कटहल आदि के पौधे झुलस गए।
वहीं आग की चपेट में आने से नीलगाय का एक छोटा बच्चा भी झुलस गया। सूचना पर 112 की टीम और फायर ब्रिगेड पहुंच गई। लीडिंग फायरमैन विजय सिंह के नेतृत्व में फायरमैन महेश सिंह, कपिल जायसवाल, शिव श्याम यादव ,चंद्रमौली और श्रवण कुमार की टीम ने आग पर काबू पाया। अवर अभियंता विद्युत राजित राम ने बताया कि ढीले तारों को सही कराने का प्रयास किया जाएगा।