संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पैकोलिया पुलिस ने थानाक्षेत्र के धर्मदासपुर चौराहे के पास से एक चाय की दुकान से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि बाजार में इसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये है।
थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के धर्मदासपुर चौराहे के पास एक चाय की दुकान में कुछ नशीला पदार्थ रखा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दुकान की तलाशी ली तो वहां फ्रिज के नीचे पॉलिथीन में सफेद व हल्का गुलाबी रंग का नशीला पदार्थ बरामद हुआ। प्लास्टिक की नौ पुड़िया में सफेद रंग का नशीला पाउडर, जिसका वजन कुल 155.24 ग्राम और संभावित कीमत लगभग 40 लाख रुपये है, जबकि 11 प्लास्टिक की पुड़िया में हल्के गुलाबी रंग का मादक पदार्थ, जिसका वजन 186.77 ग्राम है। इसकी अनुमानित कीमत 10 लाख है, बरामद किया गया है।
इसके अलावा एक तेलगू भाषा का पुराना समाचार पत्र भी बरामद किया गया है। मादक पदार्थ इसी में लपेटा गया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ की पहचान मेथाक्यूलिन (सफेद) तथा एम्पैथोमाइन्स (हल्का गुलाबी) के रूप में हुई। इसे नशे के रूप में प्रयोग किया जाता है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दुकानदार संजय वर्मा निवासी चतरा थाना पैकोलिया के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उसने पूछताछ में बताया कि यह नशीला पाउडर एक आदमी दक्षिण भारत से लाकर उसको देता है। इसके बदले में वह रुपये ले जाता है। कहा कि उसकी भाषा को वह अच्छी तरह नहीं समझ पाता, जिसके चलते वह उसका नाम व पता बताने में असमर्थ है।