टिनिच के पास रेलवे क्रसिंग पर गेट की मरम्मत करते रेलवे के कर्मचारी ।
टिनिच। रेलवे स्टेशन के पूर्वी समपार फाटक बुधवार को दिन में बाइक की टक्कर से टूट गया। इससे दो घंटे आवागमन प्रभावित रहा। गोरखपुर गोंडा रेल खंड के बीच टिनिच रेलवे के पूरब का गेट संख्या-207 दोपहर लगभग तीन बजे गेट मैन बंद कर रहा था। उस समय गोरखपुर से गोंडा की तरफ मालगाड़ी पास होने जा रही थी।
तभी तेज गति से आ रही बाइक गेट से टकरा गई। गेट टूटते ही गेट मैन ने उसकी सूचना मैकेनिकल विभाग को दी। वैकल्पिक व्यवस्था के लिए लगाए गए गेट को गिराकर आवागमन रोका गया। मौके पर पहुंची टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद गेट को क्रियाशील किया। टिनिच स्टेशन के स्टेशन मास्टर सिराजुल हक ने बताया कि बाइक सवार के टकराने के कारण गेट टूटा था। बाइक का नंबर नोट कर उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया है।