छावनी। थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर घर से बस्ती कचहरी जा रहे एक अधिवक्ता को बाइक पर अनजान शख्स को लिफ्ट देना महंगा पड़ गया। लिफ्ट लेकर बैठे युवक ने अधिवक्ता की जेब ब्लेड से काट कर 15 हजार रुपये निकाल कर भाग गया परसरामपुर थाना क्षेत्र के लालपुर गांव निवासी अधिवक्ता रमेश कुमार सिंह मंगलवार की सुबह नौ बजे घघौवा पुलिस चौकी के पास अपने घर से बाइक लेकर पटकापुर चौराहे पर जा रहे थे।
वहां से अन्य अधिवक्ता साथियों के साथ रोडवेज बस से बस्ती कचहरी जाना था। अधिवक्ता रमेश कुमार सिंह हाईवे पर टिकारिया गांव के पास पहुंचे थे कि यूपी 32 नंबर की एक कार ने रोककर परिचित अंदाज में निवेदन किया कि उसके एक साथी को आगे पटकापुर चौराहे तक छोड़ दिजिए।
अधिवक्ता ने उसे पीछे बाइक पर बैठा कर पटकापुर चौराहे पर उतार दिया और बाइक को समीप की एक दुकान पर खड़ी करने चले गए। जब अपनी पीछे की जेब टटोली तो जेब कटी मिली। इस संबंध में चौकी प्रभारी शशि शेखर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, छानबीन की जा रही है।