कोरोना से एक की मौत, 32 संक्रमित मिले
तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद 28 लोगों को अस्पताल से मिली छुट्टी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में कोरोना संक्रमण थम नहीं रहा है। बुधवार को 32 नए लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं 28 लोगों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल से उन्हें छुट्टी दे दी गई। डीएम आशुतोष निरंजन ने बताया कि बुधवार को 1797 लोगों की जांच रिपोर्ट मेडिकल कॉलेज बस्ती से प्राप्त की गई। बताया कि संक्रमण के चलते एक की मौत भी हो गई। जिले में अब तक कोरोना के चलते 84 संक्रमित काल की गाल में समा चुके हैं। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 299 हो गई है। अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4286 हो गई है। इसमें 3903 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। 1050 लोगों की रिपोर्ट का प्रशासन इंतजार कर रहा है।
कोरोना जांच के लिए अब तक 156563 सैंपल लिए जा चुके हैं। 1555132 की रिपोर्ट प्राप्त हुई। उसमें 151227 की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। जिले के 151 स्थान कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए हैं। इनमें सदर क्षेत्र में 76, हर्रैया में 57, भानपुर में आठ तथा रुधौली तहसील में दस स्थान कंटेनमेंट जोन हैं। यहां आवागमन पर पूरी तरह प्रतिबंध है। डीएम के अनुुसार आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए व्यवस्था बना दी गई है। यहां किसी भी समारोह को करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
डीएम के अनुसार जिले में सभी को कोरोना प्रोटोकाल के तहत घर से निकलने की अनुमति है। भीड़-भाड़ से बचने के लिए लोगों को आवश्यक हिदायत दी जा रही है। कहा कि कोरोना का प्रभाव अभी कम नहीं हुआ है। स्कूल खोलने की अनुमति तो दी गई है, मगर कोरोना नियमों का पालन करना स्कूलों को जरूरी है। इसमें जरा सी लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई होगी।