कप्तानगंज(बस्ती)। सड़क हादसे में घायल बाइक सवार की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन रिश्तेदार लखनऊ निकल पड़े। कप्तानगंज थाना के झुंगीनाथ मंदिर के पुजारी जय प्रकाश दास रविवार दोपहर महादेवा निवासी आज्ञाराम चौधरी को बाइक पर बैठाकर मंदिर की तरफ जा रहे थे। दोपहर 2 बजे हनुमान मंदिर के निकट सामने आए दो किशोरों को बचाने में बाइक बेकाबू होकर पलट गई। जय प्रकाश दास(50) व आज्ञाराम चौधरी (55) गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक सवार एक किशोर भी चोटिल हो गया। मगर वह बाइक लेकर भाग कर निजी क्लिनिक में इलाज के बाद चला गया।
घायल पुजारी जय प्रकाश दास और आज्ञाराम चौधरी को लोगों ने एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आज्ञाराम चौधरी की हालत लगातार बिगड़ने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कालेज लखनऊ रेफर कर दिया। इलाज के दौरान सोमवार को तड़के आज्ञाराम चौधरी की मौत हो गई। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार में पत्नी और एक अविवाहित बेटी है। घटना से सबका रो रोकर बुरा हाल है। संवाद