आग लगने से जलता टेंट हाउस का गोदाम। संवाद
महराजगंज (बस्ती)। हर्रैया थाना क्षेत्र के सेमरहिया (बिहरा) गांव में स्थित एक टेंट हाउस के गोदाम में रविवार की देर रात करीब तीन बजे अचानक आग लग गई। गोदाम से उठते धुएं और आग की ऊंची-ऊंची लपटों को देखकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
टेंट हाउस के कर्मचारी महमूद ने डायल 112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
टेंट हाउस के मैनेजर सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि मसूद, सुभाष और हरसुद्दीन अयोध्या से टेंट का सामान लेकर लौट रहे थे। रात करीब तीन बजे जब वे गोदाम पहुंचे तो अंदर से तेज धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। गोदाम पर तैनात गार्ड दिलीप ने बताया कि उन्होंने रात करीब 12:30 बजे गोदाम का निरीक्षण किया था, उस समय सब कुछ सामान्य था।
इसके बाद वह गेट पर ड्यूटी कर रहा था। कुछ देर बाद गोदाम से धुआं उठता देख उन्होंने शोर मचाया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील टेंट सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई। चारों तरफ ऊंची दीवारें होने से अंदर धुआं भर गया। इससे दम घुटने जैसी स्थिति बन गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रभारी निरीक्षक हर्रैया तहसीलदार सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी कारण से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, मगर जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।