रुधौली। नगर पंचायत रुधौली में बहुप्रतीक्षित सामूहिक विवाह घर के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। यहां 2.45 करोड़ की लागत ने विवाह घर बनाया जाएगा। नगर पंचायत क्षेत्र के नागरिकों को विवाह में अब काफी सहूलियत मिलेगी। शनिवार को नगर पंचायत के शांति नगर वार्ड में चिह्नित जमीन पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया गया। इसके बाद विवाह घर भवन का शिलान्यास किया गया।
मुख्य अतिथि रुधौली विधायक राजेंद्र चौधरी, चेयरमैन धीरसेन निषाद एवं ईओ कीर्ति सिंह ने सामूहिक रूप से भूमि पूजन कराया। नगर पंचायत के अध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत सामूहिक विवाह घर के लिए 2.45 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृति हुआ है। इसमें एक हाल, विवाह मंडप, चार कमरे, किचन, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं मौजूद होंगी। इस भवन के निर्माण से नगर पंचायत क्षेत्र के निवासियों को वैवाहिक सहित अन्य कार्यक्रमों के आयोजन में काफी सुविधा मिलेगी।
बताते चलें कि कस्बे में लंबे समय से विवाह घर बनाने की मांग चल रही थी। विवाह घर की सुविधा न होने की वजह से लोगों को महंगे दर पर मैरिज हॉल की बुकिंग करनी पड़ती है। आर्थिक रूप से कमजोर परेशान होते रहे। विवाह घर बन जाने से लोगों का कम खर्च में शादी जैसे आयोजन हो जाएंगे।
इस मौके पर सभासद श्यामबली, डब्ल्यू आर्य, अनिल कुमार, अनिल मौर्य, अमित यादव, पंकज सिंह, प्रतीक सिंह, सुजीत सोनी, शनि मोदनवाल, लक्ष्मण चौहान, प्रेम प्रकाश पटेल आदि मौजूद रहे।