गौर। बभनान पॉवर हाउस के गौर फीडर के अंतर्गत कोठवा गांव में शनिवार को दोपहर 11 केवी के जर्जर तार में शाॅर्ट सर्किट से झाड़ियों में आग लग गई। लोगों ने आग लगने की सूचना पुलिस को दी। घंटों मशक्कत कर आग बुझाई गई।
जर्जर तारों को न बदलने से आए दिन शॉर्ट सर्किट तो कहीं तार टूट रहे हैं। कोठवा गांव में उस समय बड़ा हादसा होने से बच गया, जब दोपहर 11 केवी के मेन सप्लाई में शॉर्ट सर्किट हो गया। उस समय तमाम लोग तेज धूप से राहत पाने के लिए पेड़ की छांव में बैठे थे। झाड़ियों में बिजली के तार से आग लग गई। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, आग बांस की कोठी तक पहुंच गई। गनीमत रही की वहां मौजूद सफाई कर्मी अशोक कुमार व गांव के पीके सिंह, सुरेश गुप्ता, धर्मेंद्र आदि ने सक्रियता दिखाते हुए टुल्लू पंप और हैंडपंप से बाल्टी से पानी भर-भर कर आग को बुझा दिया। एसडीओ बभनान उदय प्रताप यादव ने बताया कि हवा चलने से जर्जर तार शाॅर्ट हुआ होगा। गांव में तार बदलने का टेंडर हो चुका है। जब केबल लग जाएगा तब शाॅर्ट सर्किट का खतरा नहीं रहेगा। संवाद