खंगाली जा रही लूट के आरोपितों के करीबियों की फेहरिस्त
बस्ती। लूट के मामले में वर्दी पर कलंक लगाने के आरोप में निलंबित पुलिसकर्मियों से रिश्तों की फेहरिश्त तलाश की जा रही है, ताकि इन आरोपितों के करीबियों पर शिकंजा कसा जा सके। साथ ही निलंबित दरोगा और तीनों सिपाहियों की काली कमाई के बारे में भी पुलिस की टीमें जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
इसके लिए पुलिस की टीम सर्विलांस के जरिए भी सुरागकशी कर रही है। जिस तरह की साजिश और मुखबिरी करके घटना को अंजाम दिया गया, उसमें माना जा रहा है कि इन चार पुलिस वालों के साथ ऐसे जुर्म में कुछ और लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल व्यापारी समेत आठ आरोपित जेल भेजे जा चुके हैं। पुरानी बस्ती थाने में तैनात एसआई धर्मेंद्र यादव, कांस्टेबल संतोष यादव, महेंद्र यादव और आशीष भार्गव को गोरखपुर पुलिस ने महराजगंज के स्वर्ण व्यापारियों से नकदी समेत 30 लाख रुपये के सोने व चांदी लूटने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
रकम और माल बरामद हुआ और चारों को सस्पेंड करके बर्खास्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। आईजी एके राय के मुताबिक, सबसे पहले यह छानबीन करने की जरूरत है कि इनके किस-किस से संबंध रहे हैं। साथ ही ये लोग कितने दिनों से ऐसा कर रहे थे और कितनी संपत्ति अर्जित की है, उसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।