84 कोसी परिक्रमा के तृतीय पड़ाव शृंगी ऋषि के आश्रम अयोध्या जनपद में आज प्रवेश करेंगे श्रद्धालु
दुबौलिया। चौरासी कोसी परिक्रमा जिले के अंंतिम पड़ाव स्थल ब्लाक क्षेत्र के हनुमान बाग चकोही में भोर से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ। प्रथम पड़ाव स्थल रामरेखा छावनी से भोर से ही रामजानकी मार्ग होते हुए विशेषरगंज, कसैला बाबू, समौडा के रास्ते नंगे पांव श्रद्धालु श्री राम नाम का जाप एवं जयघोष करते हनुमान बाग चकोही पहुंच गए। परिक्रमा की अगुवाई कर रहे विश्व हिंदू परिषद के संचालक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि परिक्रमा में विभिन्न प्रांतों के छह सौ साधु-संत हिस्सा ले रहे हैं। मंदिर परिसर में स्थानीय लोग साधु-संतों के जलपान, फलाहार और भंडारे के प्रबंध में जुटे रहे। हनुुमानबाग चकोही में रात्रि विश्राम कर मंगलवार सुबह बरसांव, पूरे ओरीराय, सुविखा बाबू गांव होते साधु-संतों का जत्था सरयू नदी के तट शेरवा घाट पहुंचेगा। नाव से नदी पार कर श्रद्धालु तृतीय पड़ाव शृंगी ऋषि के आश्रम अयोध्या जनपद में प्रवेश करेंगे।
-
जगह-जगह लोगों ने की जलपान की व्यवस्था
दुबौलिया। विशेषरगंज, बसंतपुर, समौड़ा आदि जगहों पर समाजसेवियों ने श्रद्धालुओं के लिए जलपान व फलाहार की व्यवस्था की। सीएचसी दुबौलिया के चिकित्सकों ने मंदिर परिसर में स्वास्थ्य शिविर लगाकर श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया।
-
84 कोसी परिक्रमा मार्ग के जल्द निर्माण की मांग
परिक्रमा में शामिल श्रद्धालुओं ने परिक्रमा मार्ग निर्माण को लेकर सरकार के निर्णय का स्वागत किया। कहा प्रदेश सरकार को चाहिए कि परिक्रमा मार्ग का निर्माण कार्य तेजी से कराए। सरयू नदी पर पुल का निर्माण कराए, जिससे परिक्रमा में शामिल श्रद्धालुओं को सहूलियत हो।