परशुरामपुर। क्षेत्र के बैरागपुर गांव में शनिवार को सुबह करीब 9 बजे 14 वर्षीया किशोरी ने अज्ञात कारणों से दुपट्टे के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है। घटना के बाद मौके पर पुलिस व फोरेंसिक टीम पहुंची और शव को नीचे उतारा। क्षेत्र के बैरागपुर निवासी राघवेंद्र पांडेय सूरत में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी शकुंतला व एक बेटी शिवकुमारी गांव में रहते हैं। शनिवार की सुबह करीब 9 बजे शिवकुमारी खाना बनाने कमरे में गई। थोड़ी देर बाद जब उसकी मां भी कमरे में पहुंची तो देखा कि शिवकुमारी ने लकड़ी की धरन से दुपट्टा बांधकर फंदा लगा लिया था। शकुंतला ने आसपास के लोगों को बुलाया और किसी ने पुलिस को भी सूचना दे दी। घटना के संबंध में कोई कुछ बोल नहीं रहा है। मृतका की मां शकुंतला बेटी की मौत से सदमे में है। थानाध्यक्ष परशुरामपुर रामेश्वर यादव ने बताया कि घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का वास्तविक कारण पता लग सकेगा।