नगर बाजार। सदर ब्लॉक के ग्राम मरहा के पंचायत सचिवालय में जल्द ही जियो-विजन कॉर्नर स्थापित किया जाएगा। विद्यार्थियों और ग्रामीणों को विश्व, देश, प्रदेश से लेकर अपने गांव तक की भौगोलिक एवं प्रशासनिक जानकारी एक ही स्थान पर मिलेगी।
जियो-विजन कॉर्नर में विश्व, भारत, उत्तर प्रदेश, बस्ती और ग्राम पंचायत मरहा के मानचित्रों के साथ ग्लोब, एटलस, कम्पास तथा पृथ्वी और सौरमंडल के शैक्षिक मॉडल रखे जाएंगे। बच्चे महाद्वीपों, देशों, राज्यों, जिलों, तहसीलों और विकासखंडों की भौगोलिक स्थिति को आसानी से समझ सकेंगे।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अखिल कुमार यादव ने बताया कि इसका उद्देश्य पंचायत सचिवालय को केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित न रखकर शिक्षा और ज्ञान का केंद्र बनाना है। डीपीसी राजाशेर सिंह ने बताया कि इससे बच्चों और युवाओं में भौगोलिक समझ विकसित होगी और वे अपने गांव की स्थानीय पहचान के साथ वैश्विक जानकारी भी हासिल कर सकेंगे। संवाद