हर्रैया। कस्बे में रविवार को एक जालसाज फल विक्रेता से आठ हजार रुपये ठग कर फरार हो गया। इससे पहले उसने किराना स्टोर व हसीनाबाद बाजार में एक कपड़ा व्यवसायी के यहां भी ठगी करने की कोशिश की थी, मगर कामयाब नहीं हो पाया था।
जानकारी के अनुसार, रविवार को बाइक से एक युवक पैकोलिया थाना क्षेत्र के बैरिहवा बाजार में एक जलपान की दुकान पर पहुंचा। दुकानदार से उसने एक मजदूर के लिए बातचीत की। उसी दुकान पर खड़े युवक सन्नी को सामान लादने का झांसा देकर पांच सौ रुपये मजदूरी पर तय के बाइक पर बैठा लिया। दोनों हसीनाबाद बाजार में एक कपड़े के दुकान पर गए। 21 साड़ियों का बंडल बंधवा कर कुछ देर में आकर ले जाने की बात कर चला गया।
इसके बाद जालसाज युवक के साथ हर्रैया कस्बे में किराना दुकानदार अनिल पांडेय की दुकान पर करीब 40 हजार का सामान पैक कराकर थोड़ी देर में आने की बात कहकर बभनान चौराहे पर फल के दुकानदार मोहम्मद आतिश की दुकान पर पहुंचा। यहां उसने करीब पांच हजार रुपये की खरीदारी की।
दुकानदार से पांच पांच सौ के नोट के बदले सौ के नोट देने की बात कहकर नोटों की गड्डी निकालकर गिनने का नाटक करने लगा। इसी बीच दुकानदार ने जालसाज को पांच सौ के 16 नोट गिनकर देकर दूसरे ग्राहक को सामान देने में व्यस्त हो गया। मौका पाकर जालसाज ने मिठाई लेने जाने की बात कहते हुए साथ आए मजदूर को वहीं पर बैठने के लिए कहकर निकल गया।
घंटों तक जालसाज के नहीं लौटने पर दुकानदार ने मजदूर सनी से जब साथ आए बाइक सवार के बारे में पूछा तो पूरा मामला सामने आने पर वह अवाक रह गया। पीड़ित ने घटना के बारे में डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस जालसाज का पता लगाने में जुटी है।