बस्ती। शहर के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र अमहट के इनकमिंग पैनल में शुक्रवार की शाम आग लगने से आधे शहर की आपूर्ति ठप हो गई। अंधेरे के चलते लोगों को काफी परेशान होना पड़ा।
बताया गया कि इनकमिंग फीडर में शाम करीब सात बजे अचानक से ब्लास्ट हुआ और आग लग गई। सूचना पर मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। इससे कुछ घंटे के लिए आधा शहर अंधेरे में डूब गया। बताया गया कि ट्रांसमिशन 220 केवी गिदही से आपूर्ति बंद करा कर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। मौके पर एक्सईएन प्रथम इं. शुभम पांडेय सहित विद्युत कर्मी लाइन चालू कराने में जुटे रहे। रात 8.20 बजे किसी तरह एक फीडर की लाइन चालू हो सकी। शेष पर कार्य जारी रहा। साढ़े नौ बजे तक गांधीनगर फीडर की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।