लालगंज। महर्षि उद्दालक की तपो भूमि मनवर कुआनो संगम तट पर चल रहे मेले के दूसरे दिन भी दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने स्नान-दान किया। मेले में संस्कृतियों का संगम दिखा। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के अलावा शहर के भी लोगों ने मेले का आनंद उठाया। मेले में रात को भी सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहे हैं। लोग लकड़ी से बने घरेलू और खेती में इस्तेमाल होने वाले सामान खरीद रहे हैं।
इससे पहले श्रद्धालुओं ने दक्षिणी घाट पर स्थित भगवान विष्णु व हनुमान मंदिर में मत्था टेका। उसके बाद मेले में आए हुए श्रद्धालुओं ने घर गृहस्थी के समान की खरीदारी की। महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन की खरीदारी की। मेले में आए हुए बच्चों ने मौत का कुआं, काला जादू, बड़ा झूला आदि का आनंद लिया।
मेले में आए नव युवक व बच्चे संगम तट पर सेल्फी लेते हुए नजर आए। मेला आयोजन समिति सदस्य वीरेंद्र कुमार बबलू, गोस्वामी कुमकुम भारती, ज्ञान चंद अग्रहरि रोहन चौरसिया आदि व्यवस्था में लगे रहे।