जूनियर रेजिडेंट डाॅक्टरों पर ट्रेनी इंटर्न से मारपीट का आरोप, कोतवाली में दी गई तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। महर्षि वशिष्ठ मेडिकल काॅलेज के जूनियर रेजिडेंट और ट्रेनी इंटर्न डाक्टर के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार को हुए मामले में चोटिल डाॅ. कुलदीप ने कोतवाली में तहरीर दी है। जिसमें लिखा है जूनियर रेजिडेंट डाॅ. सरफराज, डाॅ. अमर, डाॅ. शैलेंद्र व अन्य चिकित्सक हॉस्टल के कमरे से खींच कर इमरजेंसी विभाग तक मारते-पीटते ले गए। डीएम के निर्देश पर गठित चिकित्सकों की तीन सदस्यीय कमेटी ने दोनों पक्ष के चिकित्सकों का बयान लिया। कोतवाल राना डीपी सिंह ने बताया कि मेडिकल काॅलेज प्रशासन का पक्ष लेकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
उधर, मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. मनोज कुमार ने चिकित्सकाें के बीच हुई मारपीट को गंभीरता से लेते हुए सीएमएस डाॅ. समीर श्रीवास्तव की अध्यक्षता में डाॅ. बीएल कन्नौजिया, डाॅ. प्रवीण गौतम व डाॅ. अमित सिंह को सदस्य बनाया गया है। दोनों पक्षों का शनिवार को कमेटी ने बयान लिया।
बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को महर्षि वशिष्ठ मेडिकल काॅलेज के जूनियर डाॅक्टर और इंटर्नशिप चिकित्सकों के बीच मारपीट हुई थी। विभाग के कर्मियों व दूसरे चिकित्सकों ने झगड़ा को शांत कराया था। घायल डाॅ. कुलदीप गुप्ता ने केस दर्ज काने के लिए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। मामला संज्ञान में आने पर डीएम ने रिपोर्ट तलब की। इसके बाद माहौल गरम हो गया। फिलहाल मामले को लेकर खींचतान चल रही है।