संवाद न्यूज एजेंसी
कप्तानगंज। सेंठा गांव की मां-बेटी की हत्या कर शव जलाने के मामले में फरार 50-50 हजार रुपये के इनामी कौशल चंद और उसकी पत्नी रंजना के खिलाफ मंगलवार को एक और केस दर्ज हो गया।
एसएचओ उपेंद्र मिश्र की तहरीर पर दोनों आरोपियों पर न्यायालय के आदेश की अवहेलना की धारा में एफआईआर दर्ज किया गया है।
कुर्की की एक माह की नोटिस अवधि बीतने के बाद 20 फरवरी को विवेचक उपेंद्र मिश्र की तरफ से न्यायालय में धारा 83 के तहत आदेश जारी करने के लिए प्रार्थनापत्र दिया गया था।
सोमवार को न्यायालय ने निर्देश दिया था कि पहले कुर्की की नोटिस की अवहेलना का केस दर्ज किया जाए। इसके बाद धारा 83 के तहत कुर्की का आदेश जारी किया जाएगा। विवेचक-एसएचओ उपेंद्र मिश्र ने बताया कि निर्देश के क्रम में केस दर्ज कर लिया गया है।
बता दें कि तीन दिसंबर 24 की रात जमीन के विवाद में गोदावरी देवी (58) और उनकी बेटी सौम्या (24) की हत्या करे दोनों शवों को कमरे में बंद करे आग लगा कर जला दिया गया था। गोदावरी की बड़ी बेटी सरिता दुबे ने अपने सगे भाई राजन उर्फ राजेश, सौतेले भाई करुनाकर, बड़े पिता कमलेश उपाध्याय उर्फ बिलोदर सहित सात नामजद और दो अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कराया था।
वारदात में अब तक मुख्य आरोपी कमलेश उपाध्याय उर्फ बिलोदर सहित सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।