बस्ती। नौकरी के नाम पर युवती से 80 हजार रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। एसपी अभिनंदन के आदेश पर छावनी पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
छावनी थानाक्षेत्र के देवखाल की रहने वाली किरन पांडेय ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि विपक्षियों ने उन्हें नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके लिए उन्होंने 41 हजार रुपये नकद और 39 हजार रुपये चेक के माध्यम से दे दिए।
काफी समय बीतने के बावजूद नौकरी नहीं मिली। जब किरन ने पैसे लौटाने के लिए संपर्क किया, तो आरोपियों ने अपशब्द कहा और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने एसपी से मिलकर शिकायत दर्ज कराई। एसपी ने एसओ छावनी को केस दर्ज करने का आदेश दिया। छावनी थाने के थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद ने बताया कि तहरीर के आधार पर संकट मोचन यादव निवासी कुढ़वा रुपगढ़, थाना छावनी बस्ती और मुस्तफा निवासी पिलुई पोस्ट बहादुरा, जनपद बलिया के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।