कुदरहा। विंध्याचल जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस शुक्रवार दोपहर कुदरहा क्षेत्र में ऑटो से टकरा गई। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी 40 श्रद्धालु बच गए। घायल चालक को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया।
मुंडेरवा थाना क्षेत्र के टिकरिया गांव से विजय ट्रैवल्स की बस शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे 40 श्रद्धालुओं को लेकर विंध्याचल दर्शन के लिए जा रही थी। बस हथियांव खुर्द चौराहे से करीब सौ मीटर आगे कुदरहा की तरफ बाबा झड़ूले बाबा के स्थान के सामने मोड़ पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे ऑटो से उसकी टक्कर हो गई।
हादसे में लालगंज थाना क्षेत्र के निवारी निवासी ऑटो चालक प्रमोद शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें सीएचसी कुदरहा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस के गलत दिशा में आने से हादसा हुआ, जबकि बस में सवार श्रद्धालुओं का कहना था कि ऑटो गलत दिशा में आ गया था।
श्रद्धालु राजवंश चौधरी और परशुराम ने बताया कि ऑटो को बचाने में बस उससे टकरा गई। घटना के बाद लालगंज पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। बस में सवार श्रद्धालुओं को उतारकर दूसरी बस की व्यवस्था की गई, जिसके बाद वे विंध्याचल रवाना हो गए।