बस्ती। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा है कि सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव समाजवादी होने का हक खो चुके है। अपने जन्मदिन पर महारानी विक्टोरिया के बग्घी की सवारी कर उन्होंने डा. राममनोहर लोहिया की विचारधारा को अपमानित किया है।
सोमवार को संवाददाताओं से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जब डा. लोहिया बेलिंगटन अस्पताल दिल्ली में भर्ती थे तो तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उनका इलाज जर्मन के डाक्टरों से कराने का प्रस्ताव रखा। लेकिन स्वदेशी में विश्वास रखने वाले डा. लोहिया ने इस प्रस्ताव को नकार दिया। उनके विचारों को मानकर राजनीति करने का वाले मुलायम सिंह ने अपने जन्म दिन पर विक्टोरिया के बग्घी की सवारी कर साबित कर दिया कि उन्हें लोहिया के विचारों से कोई लेना देना नहीं है। आजम खां के सवाल पर उन्होेेेेेंने तल्ख लहजे में कहा कि वह मानते हैं कि मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर तालिबानी या फिर आतंकवादियों का पैसा नहीं खर्च हुआ, मगर प्रदेश के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री ने मीडिया के सवालों का जिस भाषा में जवाब दिया उस पर तो कार्रवाई जरूर होनी चाहिए। ताजमहल को लेकर पूछे गए सवाल पर, कहा कि वह किसी बपौती नहीं है, विश्व का सातवां अजूबा ताजमहल भारत की संपत्ति है। वहां पांच वक्त की नमाज पढ़ने की बात करने वाले किसी गलतफहमी में न रहें। राम मंदिर के सवाल पर कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने दीजिए, मंदिर जरूर बनेगा। बस्ती में भाजपा का नगर पालिका अध्यक्ष होने के बावजूद नगर पालिका की ओर से कराए जा रहे कार्यों में गड़बड़ी के सवाल पर कहा कि वह बस्ती के पदाधिकारियों से इस बारे में बात करेंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाए जाने का लक्ष्य है। अब तक 16 लाख सदस्य बनाए जा चुके हैं। प्रतिदिन औसतन 80 हजार सदस्य बनाए जा रहे हैं। सदस्यता अभियान का लक्ष्य 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाना है।