पैकोलिया। टीटीई बनकर रेल यात्रियों से वसूली कर रहे एक युवक को आरपीएफ के सिपाहियों ने गौर रेलवे स्टेशन पर दबोच लिया। बाद में उसे जीआरपी बस्ती भेज दिया। जीआरपी ने उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
गोरखपुर अयोध्या पैसेंजर ट्रेन में मंगलवार को एक युवक खुद को टीटीई बताकर वसूली कर रहा था। चेकिंग की बात सुनकर बिना टिकट यात्रा करने वालों में अफरातफरी मच गई। साढ़े नौ बजे के करीब ट्रेन जैसे ही गौर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन पर उतरकर टिकट काउंटर की तरफ टिकट लेने के लिए लपके। अचानक इतनी संख्या में यात्रियों को उतरकर टिकट लेने की बात आरपीएफ के स्क्वायड में शामिल सिपाही हरिश्चंद्र प्रसाद और राजू राजभर को समझ में नहीं आई। पता करने पर मालूम हुआ कि ट्रेन में एक सख्त टीटीई है, जो लोगों से फाइन के नाम पर जबरदस्त वसूली कर रहा है। उन्होंने तत्काल उस टीटीई को बोगी से उतारकर पूछताछ शुरू कर दी। काफी देर तक तक उसने दोनों को इधर-उधर घुमाया, मगर बाद में टूट गया। इस कथित टीटीई ने अपना नाम सुनील कुमार राय निवासी सोन चिरैया, जनपद महराजगंज बताया। दोनों सिपाही उसे लेकर पहले बभनान गगए और बाद में बांद्रा एक्सप्रेस से उसे बस्ती लाकर जीआरपी थाने को सौंप दिया।
जीआरपी थाना इंचार्ज इंस्पेक्टर एसके राय ने बताया कि पकड़े गए युवक से पूछताछ के बाद उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।