टिनिच (बस्ती)। चेतरा ग्राम पंचायत के बसडिया पुरवे के बाग में बुधवार को सुबह राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत हाल में मिला। ग्रामीणों की मानें तो करंट लगने से मोर की मौत हुई है। सूचना मिलने के बावजूद घंटाें बाद पहुंचे वन विभाग के कर्मियों ने मोर का पोस्टमार्टम कराने के बजाए उसे पास में ही दफना दिया। वहीं डीएफओ ने इसे गंभीर मामला माना है।
सल्टौआ विकास खंड की चेतरा ग्राम पंचायत के बसहिया पुरवे के बाग में ग्रामीणों ने एक मोर को मृत अवस्था में देखा। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। ग्रामीण भारत चौधरी ने बताया कि मंगलवार की शाम को बिजली के पोल के पास कु छ टकराने की आवाज आई थी मगर, इस पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। सुबह बाग में मरा हुआ मोेर देखा गया। उनकी मानें तो इसकी मौत करंट लगने से हुई होगी। बुधवार को सूचना के घंटों बाद पहुंचे वन दरोगा धौताल यादव अपने सहयोगियों के साथ मोर के मृत शरीर को पास ही गड्ढे में दफना दिया। जबकि नियमत: इसका पोस्टमार्टम कराया जाना चाहिए था ताकि मौत की असल वजह का पता चल सके। मगर विभागीय कर्मियों ने राष्ट्रीय पक्षी की मौत को गंभीरता से नहीं लिया। डीएफओ जेके सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद ही मोर के शव को दफनाया जाना चाहिए। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।