बस्ती। थोक दवा कारोबार की जांच में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। 1045 पंजीकृत थोक दवा दुकानों में से 98 का संचालन नहीं हो रहा था। ये फर्में सिर्फ अभिलेखों में हैं। औषधि विभाग ने अब इनके लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
साथ ही कहा गया है कि संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। इसके अलावा नर्सिंग होम में संचालित मेडिकल स्टोरों की भी जांच की जा रही है। औषधि विभाग ने थोक दवा दुकानों की जांच कराई थी। इनमें 98 फर्में संचालित नहीं मिलीं।
औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार के अनुसार, इनके लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है। जिले में दवा निर्माण फैक्टरी का लाइसेंस जारी नहीं है। थोक दवा दवाओं के वास्तविक खरीद मूल्य, सप्लाई बिल और खुदरा मूल्य (एमआरपी) के बीच अंतर की भी पड़ताल की गई है।
कुछ दुकानों पर दवाओं की लागत और दर्ज एमआरपी में अंतर मिला है। विभाग यह पता लगा रहा है कि दवाएं किस कीमत पर खरीदी और सप्लाई की गईं तथा कितना मार्जिन रखा गया। इसमें अनियमितता मिलने पर संबंधित फर्मों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
औषधि विभाग की जांच का दायरा अब नर्सिंग होम के मेडिकल स्टोरों तक बढ़ गया है। 20 स्टोर चिह्नित किए गए हैं। जांच रिपोर्ट अभी जारी नहीं हुई है। विभाग के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।