मतदान करने के लिए कतार में खड़े अधिवक्ता। संवाद
बस्ती। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के 25 सदस्य पदों के लिए चल रही दो दिवसीय मतदान प्रक्रिया शनिवार को भारी उत्साह और गहमागहमी के बीच संपन्न हो गई है। चुनाव के अंतिम दिन जिलेभर के अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शनिवार को 974 अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान किया।
कचहरी परिसरों में सुबह से ही अधिवक्ता मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं, जो शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने तक दिखी। मतदान को लेकर वकीलों में खासा उत्साह था। युवा अधिवक्ताओं से लेकर वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया। कचहरी परिसर के बाहर विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थकों ने अपने-अपने पंडाल लगा रखे थे, जहां मतदाताओं को उनके बूथ नंबर और अन्य जानकारियां दी जा रही थीं। कुल 333 प्रत्याशियों की किस्मत मत पेटिकाओं में कैद हो गई है।
वरिष्ठ अधिवक्ता आरपी चौधरी ने बताया बार काउंसिल के इतिहास में इस बार का चुनाव काफी अहम माना जा रहा है। कुल 25 सीटों के लिए प्रदेश भर से लगभग 333 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें यूपी बार काउंसिल के कई पूर्व अध्यक्ष और प्रदेश के दिग्गज अधिवक्ता भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।
मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में प्रचार सामग्री और मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह पाबंदी रही। केंद्र पर सीसी कैमरों से निगरानी रखी गई।