रूधौली के बीएसएनएल के टाॅवर में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
रुधौली(बस्ती)। खेतों में गेहूं के डंठल में लगी आग की चपेट में बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 11 बजे रुधौली का बीएसएनएल एक्सचेंज भी आ गया। इससे डिजिटल इंडिया स्कीम के तहत प्रयोग में लाए जाने के लिए रखे गए लगभग 20 करोड़ के केबल भी आग की भेंट चढ़ गए। आसपास के लोगों व दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयास से एक्सचेंज से सटे घरों को आग से जलने से बचाया गया। तब तक छह लोगों के घर भी आग चपेट में आ गए। फिलहाल अभी तक आग पूरी तरह बुझायी नहीं जा सकी है।
आग बुझाने का प्रयास कर रहे शैलेश चौधरी, राहुल अग्रहरि, रविंद्र चौधरी, अमित यादव व रुधौली थाने के सिपाही हरेंद्र दुबे के अनुसार, 500 मीटर की दूरी पर स्थित सेखुई गांव के खेतों में गेहूं के डंठल जलाने से आग हवाओं के साथ एक्सचेंज तक पहुंच गई। देखते ही देखते 15 मिनट में भयंकर लपटों ने बीएसएनएल एक्सचेंज को चपेट में ले लिया। सूचना पर दमकल टीम और पुलिस बल के साथ थानाध्यक्ष रामपाल यादव भी पहुंचे और एक्सचेंज से सटे छह घरों में सो रहे लोगों को बाहर निकाला कर घर खाली कराया गया।
करीब 30 करोड़ की क्षति
बीएसएनएल के सहायक महाप्रबंधक मोहम्मद नसीम व एसडीओ सुनील यादव ने बताया कि 400 किमी ओएफसी केबल, पीएलबी पाइप 140 किमी, एफटीबी के 200 बॉक्स जलकर नष्ट हुए हैं। परिसर का टॉवर भी बुरी तरह से प्रभावित हो चुका है। केबल सहित सभी उपकरणों को बदलना पड़ेगा। करीब 30 करोड़ का नुकसान बताया है। फिलहाल अभी भी आग पूरी तरह से बुझाई नहीं जा सकी है।
इनके घरों को हुआ नुकसान
एक्सचेंज से सटे राम सुधार यादव, जग प्रसाद विश्वकर्मा एवं बाबूराम आर्य समेत तीन अन्य के घर भी आंशिक रूप से जले हैं। पुलिस और आसपास के लोगों ने रात में इन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और सिलेंडर समेत अन्य चीजों को भी दूर खेतों में रखवाया गया।
फोन और बैंक कार्य प्रभावित
एक्सचेंज मेें आग लगने से बीएसएनएल की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। विभिन्न सरकारी अधिकारियों के नंबर सहित बैंकों में नेट फेल बताया जा रहा है। ऐसे में आग लगने से मतदान के लिए भी चुनौती आ गई है।