मखौड़ा धाम पहुंचा संतों का जत्था, परिक्रमा आज से
84 कोसी परिक्रमा के लिए पूरी हुई तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
परशुरामपुर। मखौड़ा धाम में आयोजित होने वाले चैत्र पूर्णिमा मेले का मुख्य आकर्षण 84 कोसी परिक्रमा आज से शुरू होगी। हवन-पूजन के बाद परिक्रमा शुरू करने के लिए बृहस्पतिवार को ही अयोध्या, बनारस, प्रयागराज सहित देश के कोने-कोने से साधु-संत व श्रद्धालु मखौड़ा धाम पहुंच गए हैं। मखौड़ा धाम मंदिर के पुजारी सूरजदास ने बताया कि रात में मंदिर परिसर में ही श्रद्धालुओं के भोजन-विश्राम की व्यवस्था है। शुक्रवार को भोर में ही मनोरमा में स्नान तथा यज्ञ पूजन के बाद संत मंडली चौरासी कोसी परिक्रमा पर निकलेगी।
एसपी ने जांची सुरक्षा
परशुरामपुर। क्षेत्र के मखौड़ा धाम में शुक्रवार को लगने वाले चैत्र पूर्णिमा मेले का एसपी पंकज कुमार ने निरीक्षण किया। सुरक्षा के दृष्टिगत मेला परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की बारीकियों से अवगत होने के बाद एसपी ने थानेदार शमशेर बहादुर को जरूरी दिशा निर्देश दिए। मंदिर परिसर में बनी महिलाओं की जरूरी खरीदारी की दुकानों के इर्द-गिर्द महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती तथा विशेष चौकसी के भी एसपी ने निर्देश दिए।